कोसली। गांव गुरावड़ा में एक कुत्ते ने युवक पर हमला कर घायल कर दिया। प्लाॅट में पशुओं को चारा डालकर लौट रहे युवक के पैर को कुत्ते ने बुरी तरह जबड़े में जकड़ लिया। युवक के दादा ने लाठी लेकर शोर मचाया तो कुत्ता भाग गया। रोहड़ाई थाना पुलिस ने कुत्ते के मालिक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव गुरावड़ा निवासी हेमंत यादव ने रोहड़ाई थाना में दर्ज कराई शिकायत के मुताबिक वह अपने दादा मीर सिंह के साथ अपने प्लॉट से गायों को चारा पानी डालकर वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान प्लॉट के पास ही पीछे से एक काले रंग का कुत्ता आया और उसने मेरे बाएं पैर को जबड़े में जकड़ लिया। कुत्ते के हमला करते ही उसने शोर मचाया तो पीछे चल रहे उसके दादा ने शोर मचा दिया। उनके हाथ में लाठी थी, जिसे देखकर कुत्ता भाग कर सतपाल के घर में घुस गया। हेमंत के मुताबिक, ये कुत्ता सतपाल ने ही पाला हुआ है। कुत्ते के हमले के कारण उसके पैर से काफी खून बहने लगा। इसके बाद परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर गए।
हेमंत ने यह भी आरोप लगाया कि कुत्ते ने पहले भी गांव में कई लोगों पर हमला किया है। हेमंत का आरोप है कि गांव के लोगों के कहने के बावजूद भी सतपाल का परिवार पालतू कुत्ते को खुलेआम छोड़े रखता है, जिसकी वजह से अन्य लोगों को भी खतरा बना हुआ है। पुलिस ने हेमंत की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कुत्ते के मालिक सतपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।