रेवाड़ी। आजादी अमृत महोत्सव की शृंखला में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति आमजन में उत्साह का माहौल है। वहीं रेवाड़ी जिला भी इस राष्ट्रव्यापी महाअभियान में आहुति डालने के लिए उत्साहित है। रेवाड़ी जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी 13, 14 व 15 अगस्त को तीन दिन पूरा जिला तिरंगामय होगा। कार्यक्रम को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक उत्साहित हैं। उक्त बातें डीसी अशोक कुमार गर्ग ने अपने जारी बयान में कहीं हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत राष्ट्र की आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा फहराया जाएगा। ऐसे में देशभक्ति से सराबोर होकर रेवाड़ी जिलावासी आगे बढक़र राष्ट्र प्रेम की भावना से अपने भवनों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रव्यापी अभियान में आहुति डालें। अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लघु सचिवालय परिसर की भीतरी दीवारों को तिरंगे के रंग से सजाया गया है।
निजी व सरकारी भवनों पर लहराएगा तिरंगा
डीसी ने बताया कि अभियान के तहत जिला के सभी घरों के साथ ही सरकारी भवनों व वाहनों पर भी तिरंगा तीन दिन फहरेगा। जिला के सभी सरकारी भवनों विशेषकर पीएचसी, सीएचसी, आंगनबाड़ी केंद्रों, राशन की सरकारी दुकानों, ग्राम सचिवालयों आदि स्थानों पर 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर इस महाअभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।