फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: धारूहेड़ा की बेटी पूजा पेरिस में दिखाएगी दम

Sat, 08 Jul 2023 12:50 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
मैदान में अभ्यास करती पैरालंपिक ​खिलाड़ी पूजा यादव। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड स्थित दयाराम नगर में रहने वाली पूजा यादव एक बार फिर विश्व पटल पर खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस बार वह पेरिस में आयोजित होने वाली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश प्रतिनिधित्व करेंगी।
विज्ञापन

फोन पर हुई बातचीत के दौरान पूजा ने बताया कि प्रतियोगिता आठ से 17 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। चैंपियनशिप में भाग लेने वाली वह जिले की एकमात्र खिलाड़ी हैं। 12 जुलाई को उनका पहला मैच होगा। वह एफ-54 कैटेगरी में शाॅटपुट और भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) में हिस्सा लेंगी। करीब चार साल बाद पूजा किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि पूजा ने वर्ष 2019 में दुबई में आयोजित ग्रांड प्रिक्स के डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीता था। इसके लिए बंगलूरू में चार से सात मई तक आयोजित ट्रायल के दौरान उनका चयन किया गया था। अपने सात वर्ष के छोटे से खेल कॅरिअर में पूजा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रतिभा दिखाकर नाम रोशन किया है।
विज्ञापन

कुएं में गिरने से रीढ़ की हड्डी में लग गई थी चोट, दिव्यांगता को दे रही मात
पूजा यादव ने बताया कि बचपन में वह कुएं में गिर गई थीं। इससे उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आ गई थी। वह कई वर्ष तक बिस्तर पर ही रहीं। इसके बाद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए वर्ष 2017 में खेलों में हिस्सा लेना आरंभ किया था। उन्होंने जयपुर में आयोजित 17वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शाॅटपुट में पदक जीतकर दिव्यांगता को मात दी थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनके पास जैवलिन थ्रो, शाॅटपुट और डिस्कस थ्रो तीनों में पदक जीतने का अनुभव है।
पूजा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में पंचकूला में आयोजित 18वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जैवलिन थ्रो और शाॅटपुट में स्वर्ण, जबकि डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीता। वर्ष 2019 में दुबई में आयोजित व वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स चैंपियनशिप में डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीता।
बंगलूरू में 2021 में आयोजित 19वीं पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में डिस्कस जैवलिन थ्रो और शाॅटपुट तीनों में स्वर्ण जीता। इसी साल बंगलूरू में आयोजित तृतीय इंडियन ओपन नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तीनों इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने भुवनेश्वर में पिछले साल आयोजित 20वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और एक रजत सहित कुल तीन पदक जीते। बंगलूरू में आयोजित इंडियन ओपन नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जैवलिन थ्रो में स्वर्ण व शाॅटपुट में रजत पदक जीता।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें