रेवाड़ी। बाबा खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए मंगलवार को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर दोपहर में श्रद्धालु रींगस के लिए रवाना हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह भी देखने को मिला। दर्शन के लिए जा रहे कई यात्री ऐसे थे जो झज्जर, गुरुग्राम, चरखी दादरी और अन्य जिलों से यहां पर आए हुए थे। क्योंकि रेवाड़ी से रींगस का सीधा रास्ता है।
रेलवे ने भी लोगों की सुविधाओं को देखते हुए स्पेशल ट्रेन का संचालन किया है। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची इस दौरान खाटू श्याम बाबा के जयकारों से रेलवे स्टेशन गूंज उठा। विवेक ने बताया कि वह हर साल मेले के समय में बाबा खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए जाते हैं। इस बार पूरे परिवार के साथ वह बाबा के दर्शन करने के लिए जा रहा है। ओमपाल ने बताया कि खाटू श्याम के लिए यह समय काफी अच्छा है। क्योंकि इस वक्त मेला लगा हुआ है। मेले में काफी भीड़ होती है और इसी समय में सबसे ज्यादा लोग खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए जाते हैं।
बाबा खाटू श्याम का झंडा लेकर रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से गुजर रहे प्रकाश ने बताया कि वह हर बार पैदल ही खाटू श्याम के लिए जाते हैं। उनके साथ कई लोग थे। वहीं ऑटोमेटिक टिकट पर बैठे एजेंट ने बताया कि रींगस के लिए रोजाना भीड़ आ रही है। करीब 100 से 120 यात्रियों के टिकट उन्होंने काटे हैं। कई यात्री ऐसे हैं जिन्होंने टिकट काउंटर से टिकट लिए।
22 मार्च तक चलेगी ट्रेन
गाडी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन नारनौल होते हुए 11 से 22 मार्च तक (12 ट्रिप) संचालित होगी। जो कि रेवाड़ी से सुबह 11.40 बजे रवाना होकर दोपहर 2.40 बजे रींगस पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09638 रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन भी 22 मार्च तक रींगस से दोपहर 3 बजे रवाना होकर शाम 6.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 09731, रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन 22 मार्च तक (11 ट्रिप) रेवाड़ी से रात 10.50 बजे रवाना होकर देर रात 1.50 बजे रींगस पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 09732, रींगस-रेवाड़ी स्पेशल 13 मार्च से 23 मार्च तक रींगस से अलसुबह 2.10 बजे रवाना होकर 5.20 पर रेवाड़ी पहुंचेगी।