संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने की है। उन्होंने कांवड़ियों की सुरक्षा व आवश्यक जानकारी एकत्रित करने के लिए सभी थाना प्रभारी व चौकी इंचार्जों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ ले जाने से पूर्व सभी श्रद्धालु संबधित थाना में अपनी एक आईडी की कॉपी के साथ मोबाइल नंबर व वाहन की आरसी की कॉपी सहित पूर्ण जानकारी दें ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान अगर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित प्रदेश की पुलिस से समन्वय स्थापित कर समय रहते समाधान किया जा सके।
कहा कि हरिद्वार जाने वाले कांवड़िये कांवड़ पटरी का प्रयोग करें, अपना पहचान पत्र (डीएल, आधार कार्ड आदि) साथ रखें, वाहन पार्किंग में ही पार्क करें, अराजक तत्वों से सावधान रहें, वाहन में बैठे कांवड़ यात्रियों की सूची वाहन पर लगाएं, निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें।
एसपी ने कहा कि कांवड़िये हॉकी, बेसबॉल, स्टिक, तलवार, नुकीले भाले, लाठी, डंडे लेकर न जाएं, मादक पदार्थों का सेवन न करें, कांवड़ की ऊंचाई 7 फीट से अधिक न रखें, रेलगाड़ी एवं अन्य वाहनों की छतों पर यात्रा न करें, पुलों से छलांग लगाकर स्नान न करें, कांवड़ में लाउडस्पीकर का प्रयोग न करें, संदिग्ध व लावारिस वस्तुओं को न छुएं, अफवाहों पर ध्यान न दें, प्लास्टिक से बने उत्पादों का प्रयोग न करें, यात्रा के दौरान अपनी मोटर साइकिल का साइलेंसर उतारकर न चलाएं।