संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में चले रहे हिंदी दिवस उत्सव-उमंग का समापन हो गया। छात्र कल्याण विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना और साहित्यिक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए।
समारोह के समापन पर विश्व भाषा की ओर बढ़ते हिंदी के कदम विषय पर मुख्य वक्ता प्रो. प्रीति सागर (महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा, महाराष्ट्र) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज भूमंडलीकरण के दौर में हिंदी आगे बढ़ रही है। संचार साधनों के कारण आज स्थान की दूरियां कोई मायने नहीं रखती है। वैश्वीकरण एवं बाजारवाद के बढ़ते प्रभाव में हिंदी का महत्व व्यावसायिक, व्यापारिक एवं वैज्ञानिक दृष्टि से बढ़ रहा है। हिंदी ने अपनी सभी उप बोलियों को अपने भीतर समाहित किया हुआ है। जो उसका सबसे सुंदर पक्ष है। हिंदी का किसी देसी-विदेशी भाषा से कोई बैर नहीं है। कारण है कि हिंदी का शब्दकोश विश्व का सबसे बड़ा भाषिक शब्दकोश है। विश्व के लगभग 170 देशों में किसी न किसी रूप में हिंदी पढ़ाई जा रही है। वैश्विक स्तर पर हिंदी को सीखने, जानने की ललक विदेशों में बढ़ती जा रही है।
कुलपति प्रो. जेपी यादव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।। संगीत क्लब के छात्रों ने तुलसीदास की चौपाइयों के गायन से वातावरण को राममय बनाते हुए सबको मंत्र मुग्ध कर दिया। इस अवसर पर हिंदी एवं अन्य विभागों के शिक्षक, छात्र एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। 14 सितंबर को आयोजित हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चंचल, मनीषा, प्रिया (निराला ग्रुप) प्रथम, प्रिया, ज्योति, पायल (प्रेमचंद ग्रुप) द्वितीय और सुनीता लकी संजना (पंत ग्रुप) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 18 सितंबर को हुए सृजनात्मक लेखन के अंतर्गत मां विषय पर कविता लेखन प्रतियोगिता में साक्षी (हिंदी प्रथम वर्ष) प्रथम, वंदना (हिंदी द्वितीय वर्ष) प्रथम, ज्योति (हिंदी द्वितीय वर्ष )द्वितीय ,रजत (वनस्पति विज्ञान द्वितीय वर्ष) तृतीय, ज्योति पुत्री देशराज (हिंदी प्रथम वर्ष) तृतीय स्थान प्राप्त किया। 19 सितंबर को बाबू बालमुकुंद गुप्त की पुण्यतिथि पर नशे की गिरफ्त में युवा विषय पर कारण और निवारण विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में रितिका (हिंदी प्रथम वर्ष) प्रथम, भावना (इतिहास द्वितीय वर्ष) द्वितीय, यशोदा (इतिहास द्वितीय वर्ष) तृतीय, लक्की (हिंदी द्वितीय वर्ष) तृतीय स्थान प्राप्त किया। 20 सितंबर को आयोजित एक भारत, श्रेष्ठ भारत विषय पर कविता पोस्टर प्रतियोगिता में वंदना (हिंदी द्वितीय वर्ष) प्रथम स्थान पर रही। साहिल (इतिहास द्वितीय वर्ष) द्वितीय और हर्षित (वनस्पति विज्ञान द्वितीय वर्ष) तृतीय, मुस्कान (मनोविज्ञान प्रथम वर्ष) तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता छात्रों और संगीत क्लब (आइजीयू) के छात्र विनीता, रितु, वर्षांक, वृंदा, विशाल तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र आशुतोष, हेमंत और नेहा को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।