रेवाड़ी। शहर में भारतीय कमेरा वर्ग पार्टी व लोकतंत्र सुरक्षा के कार्यकर्ताओं ने जातिगत जनगणना और विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की शव यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान प्रदर्शनकारी शहर के सरकुलर रोड पर रविदास हॉस्टल से एकत्रित होकर आर्थी लेकर गुजरे। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध-प्रदर्शन में लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के नेता और पूर्व सांसद राजकुमार सैनी भी शामिल होने पहुंचे। विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रदेश और केंद्र सरकार का अंबेडकर चौक पर पुतला भी जलाया गया। बता दें कि शव यात्रा शहर के रविदास हॉस्टल से शुरू होकर, बाजार में होते हुए, अग्रसेन चौक से, बावल चौक और बस स्टैंड के सामने से होते हुए अंडेबकर चौक तक पहुंची। इस मौके पर पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार एससी, एसटी व ओबीसी जाति के साथ नौकरियों में भेदभाव कर रही है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से जातिगत गणना कराने की मांग की। इसके साथ ही क्रीमी लेयर को भी समाप्त करने की मांग की गई है। सैनी ने कहा कि सरकार अपने वायदे पूरे करने में नाकाम पूरी तरह नाकाम रही है।
प्रदेश के 12 जिलों में निकाली जा चुकी शव यात्रा
भारतीय कमेरा वर्ग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. महेश ने कहा कि प्रदेश के 12 जिलों में केंद्र और प्रदेश सरकार की शव यात्रा निकाली जा चुकी है। आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी इसी तरह की शव यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर कमेरा वर्ग पार्टी के संस्थापक एवं प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम जांगिड़, राष्ट्रीय सचिव शिवदत्त जांगिड़, राष्ट्रीय सचिव गंगाराम सिकरीवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश जांगिड़, जिला अध्यक्ष शिव दहिया व लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र तंवर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश पांचाल, जिला अध्यक्ष लेखराम सैनी सहित दोनों पार्टियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता संयुक्त विरोध प्रदर्शन में मौजूद रहे।