शहर में एक बदमाश ने बुजुर्ग महिला को ठग लिया। उसने महिला को घर के बाहर से बहाने से अपनी स्कूटी पर बैठाया और धोखे से सोने की चेन और 2 सोने की चूड़ियां उतरवाकर संभालने के लिए जेब में रख ली। इसके बाद वह चकमा देकर भाग गया। यह मामला मंगलवार का है लेकिन पुलिस को वीरवार को शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर की नामी तेल ऑयल मिल के मालिक मोहल्ला खासापुरा निवासी संजीव कुमार गुप्ता की माता कमला देवी (80) घर में पूजा करके सूर्य देव के जल चढ़ाने के लिए घर से बाहर आई थीं। तभी एक अनजान व्यक्ति स्कूटी पर आया और कहा कि उसे संजीव कुमार ने भेजा है। संजीव ने उन्हें सुनार की दुकान पर बुलाया है। उस अंजान व्यक्ति की बात सुनकर संजीव गुप्ता की मां उसकी स्कूटी पर बैठकर चल दी। रास्ते में उस व्यक्ति ने स्कूटी रोककर कमला देवी की गले में पहनी सोनी की चेन व हाथ में पहनी हुई दो सोने की चूड़ियां यह कहकर उतरवा लीं कि इनके डिजाइन-साइज के अनुसार बनवानी हैं। आप रुको मैं दुकानदार को दिखा कर आता हूं। इसके बाद स्कूटी चालक वापस नहीं आया। काफी देर तक बुजुर्ग महिला ने इंतजार किया लेकिन युवक नहीं लौटा तो वह वापस घर आ गई। उसने बेटे संजीव कुमार को घटना की जानकारी दी। मां की बात सुनकर संजीव के होश उड़ गए। उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए और वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने भी कई जगहों से सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लिए हैं जिसमें एक व्यक्ति स्कूटी पर हेल्मेट पहने जाता नजर आ रहा है लेकिन उसकी स्कूटी का नंबर सही से नजर नहीं आ रहा।
शिकायत के आधार पर 379 व 420 एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुभाष चंद, डीएसपी, रेवाड़ी।