कोसली। गांव रोहड़ाई में युवक पर गांव के एक परिवार ने कस्सी और रॉड से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। आरोपी परिवार पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। रोहड़ाई थाना पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव रोहड़ाई निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात करीब 8 बजे वह अपने घर से ट्यूबवेल पर काम करने गया था। तभी अचानक से पीछे से गांव का ही विकास एक ट्रैक्टर लेकर उसके ट्यूबवेल पर पहुंचा। उसमें विकास के पिता धर्मेंद्र, मां बाला और विकास की पत्नी सवार थीं। राकेश ने बताया कि आरोपियों ने उसे मारने की नीयत से ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। इससे बचने के लिए वह जमीन पर दूसरी तरफ गिर गया। उसके बाद आरोपियों ने उस पर कस्सी और रॉड से हमला कर दिया। इतना ही नहीं महिला व उनके साथ आए तीन मजदूरों ने भी उस पर लाठी-डंडों से हमला किया। बुरी तरह घायल कर राकेश को धमकी देते हुए आरोपी मौके से भाग निकले। राकेश को ट्यूबवेल पर घायल पड़ा देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। इसके बाद राकेश को तुरंत रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां से उसे बाद में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल राकेश के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रोहड़ाई थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।