संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के दिल्ली रोड पर रेजांगला युद्ध स्मारक के सामने खंडहर में शुक्रवार को एक युवक का सड़ा गला शव बरामद किया गया। युवक के हाथ और पैर डोरी से बांधे गए थे। गर्दन में भी डोरी बंधी थी और सिर में चोट के निशान हैं। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम, मॉडल टाउन थाना पुलिस और सीआईए की तीनों टीमें पहुंचीं।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उन्हें सूचना मिली थी कि दिल्ली रोड पर रेजांगला युद्ध स्मारक के सामने बनी पुरानी छतरियों के पास खंडहर में एक लाश पड़ी हुई है। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक की लाश पड़ी हुई थी। उसके दोनों हाथ-पैर बंधे हुए थे और गले में भी डोरी डली हुई थी। एसएचओ के मुताबिक शव 48 घंटे से ज्यादा पुराना लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया गया है। रेवाड़ी की तीनों सीआईए के अलावा मॉडल टाउन थाना पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने उसकी फोटो के साथ रेवाड़ी जिले के अलावा साथ लगते दूसरे जिलों के थानों की पुलिस को भी सूचित किया है, जिससे उसकी पहचान हो सके।हालांकि, मौत की असली वजह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उसकी शिनाख्त होने के बाद ही पता चलेगी। शव पड़ा होने की जानकारी सबसे पहले पास के ही कुछ दुकानदारों को दुर्गंध उठने पर पता चला। उसके बाद ही पुलिस को कॉल कर सूचित किया गया।