नशा और साइबर अपराधों से दूर रहने की शपथ लेते विद्यार्थी। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। नशा मुक्त रेवाड़ी अभियान के तहत निरीक्षक रामपाल के नेतृत्व में गठित नशा मुक्ति टीम ने वीरवार को गांव मसानी और गुर्जर घटाल के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज-तीनों के लिए घातक है। यह न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि युवाओं का भविष्य भी खराब कर देता है। युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कहा गया कि अगर कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया। विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया गया। आपात स्थिति में डायल 112 और नशे से जुड़ी सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।