जलघर में डूबने से एक युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव लाधूवास में बने जलघर में संदिग्ध हालात में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक शनिवार को पास ही स्थित खड़गवास गांव स्थित अपने घर से लापता था। उसका शव सड़ी गली हालत में मिला है इससे माना जा रहा है कि शनिवार को ही जलघर में डूबने से उसकी मौत हो गई थी।
गांव खड़गवास निवासी श्रवण कुमार पेशे से मजदूर है। परिवार में पत्नी के अलावा छह बेटे हैं। उनका पांचवें नंबर का बेटा मनीष (22)आईटीआई करने के बाद फिलहाल बेरोजगार था। सोमवार सुबह उसका शव गांव लाधूवास में बने जलघर में पड़ा मिला। शव बुरी तरह सड़ा हुआ था और मछलियों ने कई जगह से खा भी रखा था। ऐसे में पुलिस मान रही थी कि शव 2 से 3 दिन पुराना है। काफी प्रयास के शव की शिनाख्त हुई थी।
नहीं जताई हत्या की आशंका
मामले में मृतक के परिजनों की ओर से हत्या करने या किसी अन्य प्रकार की आशंका नहीं जताई गई है। परिजनों का मानना है कि मनीष जलघर में नहाने गया होगा और तैरना न आने के चलते वह डूब गया। जिसके चलते पुलिस ने प्राथमिक स्तर पर सामान्य कार्रवाई करने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मौत के असली कारणों का पता करने के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
वर्जन
परिजनों की ओर से किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है। जिसके चलते सामान्य कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
-धर्मबीर, जांचकर्ता, रामपुरा थाना