सीआईए रेवाड़ी पुलिस ने गाड़ी में अवैध हथियार सहित जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस तथा एक गाड़ी बरामद की है। आरोपी की पहचान मुंडनवास निवासी चांदराम उर्फ चांद व झज्जर जिला निवासी जैतपुर निवासी विकास के रूप में हुई हैं।
जांचकर्ता एएसआई इंद्रजीत ने बताया कि सीआईए पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अपनी कार में अवैध हथियार लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस की टीम ने अभय सिंह चौक पर गाड़ी को जांच के लिए रुकवा लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस ने एक देशी पिस्तौल व तीन कारतूस बरामद किए है। उन्होंने बताया कि आरोपी चांद आपराधिक प्रवृति का है और पहले भी हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मामलों में पीओ घोषित किया हुआ है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।