नेशनल हाईवे-8 पर धारूहेड़ा के बेस्ट टैक आवासीय कालोनी के समीप मंगलवार सुबह अन्य ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ से आ रही बस से भिड़ गई। हादसे में एक कंपनी कार्यरत दो कर्मचारियों की मौत हो गई। छह अन्य गंभीर घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
गुरुग्राम की कंपनी के थे बस सवार कर्मचारी
जानकारी के अनुसार पथरेडी (गुरुग्राम) स्थित मित्सबुशी कंपनी की बस धारूहेड़ा की तरफ आ रही थी। बस खारिया निवासी वीरेंद्र चला रहा था। कंपनी के कर्मचारी अलवर निवासी आशीष सैनी, भिवानी निवासी अजय नेहरा, रोहतक के सांपला निवासी रोहित, गुलाबी बाग निवासी दीपक, उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर निवासी रवि कुमार, झारखंड के पालम निवासी निर्मल और दीपक नारायण समेत 35-36 कर्मचारी बस में बैठे थे।
बेस्ट टैक आवासीय कालोनी के पास जयपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक को पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे अगला ट्रक अनियंत्रित हो गया। हादसे में ट्रक डिवाइडर पार कर कंपनी की बस से जा टकराया। जोरदार टक्कर से बस पलट गई। बुरी तरह क्षतिग्रस्त बस के नीचे दबने से उसमें बैठे आशीष सैनी (26) और अजय नेहरा (25) की मौत हो गई। बस चालक वीरेंद्र, रोहित, दीपक, रवि, निर्मल और दीपक नारायण भी बुरी तरह घायल हो गए।
एक की हालत भी गंभीर, किया रेफर
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को निकलवाकर धारूहेड़ा के ही निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां पांच की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं एक कंपनी कर्मी की हालत बेहद नाजुक होने के चलते उसे किसी अन्य अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हाईवे पर लगा जाम, लोग हलाकान
तीन बड़े वाहनों की टक्कर और हादसे में बस के पलटने से दिल्ली की तरफ जाने वाले रास्ते की तरफ जाम लग गया। इसके अलावा घटना के बाद मौके पर तमाशबीनों ने स्थिति और भी ज्यादा खराब कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जयपुर की तरफ जाने वाले रास्ते की तरफ से यातायात चलवाने के साथ ही क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया और थाने में भिजवाया। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोट
शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। - सतेंद्र सिंह, एसएचओ, थाना धारूहेड़ा