मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर में आठवीं क्लास के छात्र ने अज्ञात कारणों के चलते घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामले में सामान्य कार्रवाई करते हुए वहीं जांच शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक मूल रूप से गांव संगवाड़ी निवासी सतपाल पिछले कुछ समय से कालका रोड पर विकास नगर कालोनी में रह रहे थे। रविवार रात उनका बेटा देवेंद्र (15) छत पर बने कमरे में गया और खिड़की के सहारे फंदा बना फांसी लगाकर जान दे दी। देवेंद्र को लटका देख परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि रविवार शाम को देवेंद्र दोस्तों के साथ खेलकर आया था। इसके बाद कुछ देर नीचे रहा और फिर ऊपर छत पर चला गया था। मामले की जांच कर रहे संजय कुमार ने बताया कि देवेंद्र ने किस वजह से फांसी लगाकर जान दी। फिलहाल इस बात का पता लगाया जा रहा है। जिन दोस्तों के साथ वह खेला उनसे भी पूछताछ की जाएगी।