रोहड़ाई थाना क्षेत्र के गांव रोहड़ाई के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव रायपुर निवासी दिनेश की बहन की शादी गांव सुमाखेड़ा में हुई है। शुक्रवार को दिनेश अपनी बहन से मिलने के लिए उसकी ससुराल आया हुआ था। शाम को दिनेश को उसका जीजा दिलबाग मोटरसाइकिल पर रोहडाई मोड़ छोड़ने के लिए जा रहा था तभी गांव रोहडाई से कुछ आगे ही टाइल फैक्ट्री के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायलों को राहगीरों और परिजनों ने रेवाड़ी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद रोहड़ाई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल स्थित मोर्चरी में भेज दिया।