फाइनेंस कंपनी के पार्किंग यार्ड से तीन बदमाशों ने एक युवक से ऑटो छीन लिया। वारदात के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य की तलाश की जा रही है। ये जानकारी जांचकर्ता एएसआई बलवत सिंह ने दी। आरोपी की पहचान झाबुआ निवासी सूरत सिंह के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी से करीब दस हजार रुपये प्रति माह किस्त के हिसाब से 47 मासिक किस्तों पर ऑटों फाइनेंस कराया था। 19 माह किस्त भरने के बाद आरोपी ने बकाया किस्तें भरनी बंद कर दी। किस्तें जमा न कराने पर फाइनेंस कंपनी ने ऑटो को पकड़ लिया और माढैया रोड पर अपने पार्किंग यार्ड में खड़ा कर दिया था।
1 मई की दोपहर आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ वहां गया और अपना ऑटो छीनकर फरार हो गया था। पुलिस ने माजरा श्योराज निवासी पार्किंग यार्ड के चौकीदार दुलीचंद की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार शाम उसे ऑटो सहित धर दबोचा।