कोसली में शनिवार रात पुलिस को पीछा करते देख बिना नंबर वाली पिकअप सवार बदमाशों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया। पुलिस ने किसी तरह हवाई फायर कर बदमाशों से पीछा छुड़ाया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कोसली पुलिस के एएसआई मंगतूराम ने बताया कि शनिवार रात वह और पुलिसकर्मी रमेश लीला, देवेंद्र व हवा सिंह सरकारी गाड़ी के साथ कोसली के हुडा पार्क के समीप गश्त कर रहे थे। कोसली बस अड्डे की तरफ से एक बिना नंबर की तेज रफ्तार गाड़ी आती दिखी।
उन्होंने रुकने का इशारा किया तो पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन सभी बाल-बाल बच गये। इसके बाद आरोपी को पकडने के लिए उन्होंने सरकारी गाड़ी से वाहन का पीछा करना शुरू किया। कोसली-टूमना मोड पर वाहन में पीछे बैठे पांच -सात लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पत्थर मारने शुरू कर दिए तथा टाटा वाहन को यकायक पीछे कर के पुलिस की गाड़ी से टकराने की कोशिश की।
एएसआई के अनुसार पुलिस कर्मियों की जान बचाने के लिए हवाई फायर किया तथा पुलिस कंट्रोल रूम रेवाड़ी को नाकाबंदी कराने बारे सूचित किया। इस बीच टाटा चालक अपने वाहन को कोसली से गुड़ियानी रोड पर भगा ले गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।