जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने सोमवार को बावल में रसियावास रोड पर लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कालोनी को ध्वस्त कर दिया। जिला नगर योजनाकार नरेश कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनी काटने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
विभाग को जानकारी मिली थी कि बावल में रसियावास रोड पर में कुछ लोगों की ओर से 3 एकड़ में अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। सूचना के बाद विभाग की ओर से इन अवैध कॉलोनी काटने वालों को नोटिस भी दिया गया था लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया था।
इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार जिवेंद्र सिंह मलिक को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात कर जिला नगर योजनाकार की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए बनी अवैध कालोनी को ध्वस्त कर दिया गया। अवैध कॉलोनी में बनी हुई 12 डीपीसी व 2 चारदीवारी को ध्वस्त किया गया।
अवैध कॉलोनी में न लें प्लाट
डीटीपी नरेश कुमार ने आम जन से अपील की नियंत्रित क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करे। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। अवैध कालोनी काटने वाले आम जन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू होने पर कार्यवाही की जाती है। उस समय जिस आदमी द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आपको ठगा हुआ महसूस करता है।