रेलवे जंक्शन पर बने एटीएम बूथ पर जीआरपी ने ताला लगा दिया है। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। स्टेशन पर करीब 60 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है।
जीआरपी ने ये कार्रवाई हाल के दिनों में लगातार एटीएम बूथ पर तीन वारदातों में उपभोक्ताओं के हजारों रुपये निकल जाने के बाद की है। इससे पहले उन्होंने बैंक प्रबंधन से एटीएम बूथ पर धोखाधड़ी की वारदात को देखते हुए सुरक्षा गार्ड रखने की सिफारिश की थी।
बैंक के नहीं मानने के बाद जीआरपी ने यात्रियों को धोखाधड़ी की घटनाओं से बचाने के लिए कार्रवाई की। खास बात यह है कि बैंक जीआरपी को तफ्तीश में भी पूरा सहयोग नहीं कर रहा है।
केस नंबर:1
बूथ पर बैलेंस चेक किया और निकल गए 20 हजार रुपये
रेवाड़ी के आराम नगर निवासी नरेंद्र सिंह कुछ दिन पहले दोपहर 2:40 बजे किसी काम से रेलवे जंक्शन पर अपना अकाउंट चेक कर रहे थे। इसी दौरान एटीएम मशीन हैंग हो गई और कुछ देर तक ठीक नहीं होने के चलते वह बूथ से बाहर निकल आए। अभी चंद मिनट ही बीते थे कि उनके मोबाइल पर 20 हजार रुपये निकल चुके थे। मामले की जानकारी उन्होंने संबंधित बैंक को भी दी। कार्रवाई न होते देख उन्होंने जीआरपी थाने में धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कुछ ऐसा ही मामला बंगड़बा निवासी जसवंत का भी था। जिसके 20 हजार रुपये निकाले गए।
-केस नंबर:2 सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मांगी, हफ्ते भर बाद नहीं दिखा कुछ
रेवाड़ी के बेरली कलां निवासी राजू भी इसी तरह कुछ दिन पहले दोपहर 01:35 पर रेलवे जंक्शन परिसर स्थित एसबीआई शाखा में कुछ रकम निकालने पहुंचे। एटीएम से रकम तो नहीं निकली लेकिन मोबाइल पर जरूर 15 हजार रुपये निकलने का मैसेज आ गया। मामले की जानकारी बैंक के कंप्यूटर ऑपरेटर अशोक को देकर सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा। लेकिन बैंक से एक हफ्ते का समय मांगा गया, हफ्ते भर बाद फुटेज दिखाए लेकिन तब तक सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में वह नहीं था।
----------
बैंककर्मी की सांठगांठ भी मानी जा रही मामलों में
एटीएम से जुड़े धोखाधड़ी के मामले तो कई सामने आए हैं। लेकिन यह पहली बार हुआ है जब पुलिस को बैंक की लापरवाही और जनता के ठगे जाने के चलते मजबूरन एटीएम बूथ को ही बंद कराना पड़ा हो। इस बाबत पुलिस भी यह मानकर चल रही है कि बहुत ज्यादा संभावना है कि लगातार हो रही इस तरह वारदातों के पीछे कोई बैंककर्मी भी साजिश में जुड़ा हो।
----------
पहले: दिल्ली से उड़े थे तीन लोगों के सवा लाख
इससे पहले दिल्ली में तीन जिलेवासियों की कुल सवा लाख रुपये रकम एटीएम से निकाली जा चुकी है। जबकि वे सभी रेवाड़ी में ही थे। इसमें रिटायर्ड फौजी के करीब 1 लाख से ज्यादा रुपये निकले थे। जबकि आरकेपुरम स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से दो लोगों के रुपये निकाले गए थे।
--------
मामले में बैंक की ओर से पूरी तरह गैर जिम्मेदाराना हरकत और बयान रहे हैं। कहने के बावजूद एटीएम बूथ पर सिक्योरिटी गार्ड नहीं रखा जा रहा। इस वजह से स्टेशन परिसर स्थित एटीएम बूथ पर ताला लगवा दिया गया है।
-नरेंद्र सिंह, एसएचओ, जीआरपी थाना
वर्जन
स्टेशन परिसर जीआरपी की सीमा में, गार्ड की क्या जरूरत
यह सही है कि एटीएम बूथ को फिलहाल बंद किया गया है। लेकिन बैंक की नई गाइडलाइंस में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन परिसर में केयरटेकर(गार्ड)अलाउड नहीं है। वैसे भी वह अंदर नहीं रह सकता है। इसके अलावा जंक्शन जीआरपी का इलाका है। वहां गार्ड की क्या जरूरत।
-आरके गोयल, एजीएम, एसबीआई मेन ब्रांच