हरियाणा के रेवाड़ी में औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा में एक युवक की हत्या का आरोप उसके साथी पर लगाया गया है। हत्या की वजह एक सप्ताह पहले हुई मामूली कहासुनी बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिहार के जिला मुज्जफरपुर के गांव घोसोट निवासी पवन साहनी ने धारूहेड़ा क्षेत्र में हिंदुस्तान फर्म के पास मजदूरों का ठेका लिया हुआ है। उसके साथ ही उसका छोटा भाई सुनील साहनी (26) भी काम करता था। पवन खुद भिवाड़ी मोड़ पर किराये पर रहता था, जबकि उसका भाई साइट पर बनी झुग्गियों में किराये पर रहता था। एक सप्ताह पहले सुनील की उनके ही गांव के नितेश के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
आरोप है कि सोमवार की रात झुग्गी से बुलाकर सुनील को नितेश और उसका भाई नीरज अपने साथ ले गए। उसके बाद सुनील नहीं लौटा। अगले दिन सुबह काम पर भी नहीं लौटा तो पवन ने सुनील की तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया। झुग्गी में जाकर पता किया तो रमेश नाम के व्यक्ति ने बताया कि रात में नितेश ही सुनील को लेकर गया था। जब पवन ने नितेश और उसके भाई नीरज की तलाश की तो दोनों गायब मिले।
इसके बाद उसका शक और ज्यादा गहरा गया। कुछ देर बाद सुनील का शव पैराफेर रोड पर कापड़ीवास के पास सड़क किनारे गड्ढे से बरामद हुआ। शव के ऊपर झाड़ियां डाली हुई थीं। पवन साहनी के मुताबिक, जब शव से झाड़ियां उठाई गई तो उसके भाई की गर्दन पर चोट के निशान थे, जबकि उसकी एक आंख बाहर निकली हुई थी।
पवन साहनी ने आरोप लगाया कि उसके भाई की नितेश और नीरज ने गला दबाकर हत्या की है। दोनों ने मिलकर उसके शव को गड्ढ़े में छिपा दिया। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने पवन साहनी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने का केस दर्ज किया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।