हरियाणा के रेवाड़ी में खोल थाना क्षेत्र के गांव धवाना में खेतों में रहने समुदाय विशेष के चार परिवारों की झोपड़ियों में बाइक सवार 10-15 युवकों ने आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार वहां से भाग गए।
आग लगाने की सूचना मिलते ही डीएसपी और खोल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।
यूपी के शाहजहांपुर निसासी शाहिद, इकबाल, साजन, तैयब, लतीफ व अब्दुल आदि ने बताया कि वे अपने परिवारों के साथ रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। मंगलवार दोपहर बाद बाइक पर करीब 10-15 युवक आए और उनकी झोपड़ियों में आग लगाकर भाग गए।
आगजनी की सूचना के बाद डीएसपी नरेंद्र सांगवान, खोल थाना एसएचओ कृष्ण कुमार व थाना प्रभारी रामपुरा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग में झोपड़ी और दोनों परिवारों का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि दोनों परिवारों के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस संबंध में डीएसपी बावल नरेंद्र सांगवान ने बताया कि जिले में स्थित शांतिपूर्ण है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। लोगों से निवेदन है कि शांति बनाए रखें। पीड़ित परिवार सुरक्षित है।