धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के सोहना रोड मनीराम मार्केट स्थित ज्वेलर्स शोरूम को असलहों के बल पर लूटने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की धारूहेड़ा में प्राइवेट फाइनेंस का ऑफिस था और उसने डकैती के बाद लूटी हुई रकम को कुछ समय तक अपने पास छुपाकर रखने में मुख्य आरोपियों की मदद की थी।
सीआईए प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी गांव खरखड़ा निवासी प्रदीप उर्फ सोनू है। उसका धारूहेड़ा में ही प्राइवेट फाइनेंस कार्यालय था। जहां 9 अक्तूबर को आरोपियों द्वारा डकैती की वारदात के बाद लूटी गई ज्वैलरी को कुछ समय के लिए आरोपी प्रदीप ने अपने कार्यालय में रखा था। 9 अक्तूबर को दिनदहाड़े बाइक पर सवार होकर आए तीन आरोपियों ने मनीराम मार्केट स्थित श्रीश्याम ज्वैलर्स शोरूम से करीब 35 लाख के जेवरात लूट ले गए थे।
पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं वारदात की प्लानिंग कर आरोपियों को निकलवाने और लूटे गए जेवरात के साथ फरार चल रहे डकैती के मास्टर माइंड बवाना दिल्ली के गंाव पूठ निवासी सतीश की तलाश में जुटी है।