खोल क्षेत्र के गांवों में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात मूंदी गांव स्थित कोआपरेटिव बैंक की शाखा व पैक्स ऑफिस में चोर ताला तोड़कर दाखिल हो गए। हालांकि अंदर कुछ नहीं मिलने पर चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा। ताले टूटने की पता चला, जब पैक्स कर्मचारी सुबह 10 बजे ड्यूटी पर पहुंचे। इसकी सूचना डहीना पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार मूंदी-नांगल स्थित कोआपरेटिव बैंक की शाखा व प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड में रात्रि को बदमाशों ने धावा बोल दिया। मुख्य गेट की ऊंचाई अधिक नहीं होने के कारण बदमाश गेट के ऊपर से अंदर घुस गए। बदमाशों ने पहले कोआपरेटिव बैंक के चैनल गेट पर लगा ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर एक अन्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
पहले बंद किये सीसीटीवी कैमरे, फिर की वारदात
सुबह मामले की जानकारी पर पुलिस पहुंची तो रात एक बजे के बाद के फुटेज नहीं मिले। जिसका मतलब बदमाशों ने सबसे पहले बैंक के अंदर लगने सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया था। उसके बाद एक-एक कर सभी अलमारियों व मेज की दराजों को खंगालना शुरू किया। लेकिन वहां उन्हें कुछ नहीं मिला। हताश बदमाशों ने उसके बाद प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के दोनों कमरों के ताले तोड़ कर वहां रखी फाइलों को इधर-उधर कर दिया, वहीं तीन अलमारियां के ताले तोड़ दिए। लेकिन वहां भी बदमाशों के हाथ खाली ही रहे।
बैंक में सिर्फ एक सीसीटीवी फुटेज होना बड़ा सवाल
मूंदी गांव में कोआपरेटिव बैंक व सोसायटी के ताले टूटने का समाचार गांव में तेजी से फैल गया। उल्लेखनीय है कि जहां रोजाना रुपए का लेन-देन होता हो, वहां सिर्फ एक ही कैमरा लगा कर विभाग ने पल्ला झाड़ा है। अगर बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा होता तो बदमाशों की तस्वीरें ताले तोड़ने से पहले ही सीसीटीवी कैमरे यानी तीसरी आंख में कैद हो जाती है। बाहर चौकीदार भी नहीं था
सीसीटीवी कैमरे में रात एक बजे के बाद का कुछ नहीं है। बैंक मैनेजर धर्मबीर के अनुसार बैंक से कोई भी चीज चोरी नहीं हुई है। ताला तोडने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।
-एएसआई सुंदरलाल, जांचकर्ता, डहीना पुलिस चौकी