मैंने जो कुछ किया वह माफी के लायक तो नहीं है....इसलिए मैं हमेशा के लिए जा रहा हूं....किसी को मौत का दोषी न ठहराया जाए। कुछ ऐसी लाइनें लिखकर सरस्वती विहार में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद करने के बाद मामले में मृतक के परिजनों का इंतजार कर रही है।
मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मी बहादुर सिंह ने बताया कि मूल रूप से यूपी के बांदा निवासी दिलीप कुमार सिंह शहर के सरस्वती विहार में किराए पर रहता है और एक निजी कंपनी में काम करता है। दिलीप के रूममेट मंजीत ने बताया कि वह सुबह उठा तो दिलीप को बाथरूम में अचेत हालत में देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दिलीप का सुसाइड नोट बरामद किया और मामले की जानकारी बिहार रहने वाले उसके परिजनों को दी।
प्रेम प्रसंग तो नहीं युवक की मौत की वजह
दिलीप के पास जो सुसाइड नोट बरामद हुआ है उसमें आत्महत्या के लिए युवक ने खुद को ही जिम्मेदार ठहराया है। लेकिन सुसाइड नोट में किसी लड़की विशेष और उसके पिता पर उंगली न उठाने के लिए कहा गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।
-------
परिजनों को सूचना देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर सुसाइड में जिस लड़की का जिक्र हुआ है, उसका पता चलेगा। जांच जारी है।
बहादुर सिंह, जांच अधिकारी