धारूहेड़ा स्थित स्पेयर पार्ट्स बनाने वाली निजी कंपनी में चोरी का मामला प्रकाश में आया है। कंपनी ने एक गाड़ी चालक पर स्पेयर पार्ट्स चोरी करने का आरोप लगाया है।
कंपनी के सीनियर मैनेजर की शिकायत पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम बुद्धनगर निवासी विनोद के रूप में हुई है।
जांचकर्ता एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि विनोद एक ट्रांसपोर्टर के पास गाड़ी चलाता है। इस ट्रांसपोर्टर ने अपनी गाड़ी धारूहेड़ा स्थित एक कंपनी में लगाई हुई है।
विनोद इसी कंपनी से बाइक के स्पेयर पार्ट्स लोड कर गुड़गांव हीरो कंपनी में ले जाता था। आठ जनवरी को विनोद गुड़गांव माल ले जाने के लिए अपनी गाड़ी लेकर कंपनी में गया था।
गाड़ी में बाइक के स्पेयर पार्ट्स लोड करवाने के बाद स्टोर कीपर बिल बनाने लग गया। इसी दौरान मौका पाकर विनोद ने वहां रखे स्पेयर पार्ट्स से भरे चार बैग उठाकर अपनी गाड़ी में रख लिए और गाड़ी लेकर चला गया।