हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को बावल थाना पुलिस ने शुक्रवार देर शाम अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मसानी निवासी अमित उर्फ गुरुजी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल व एक खाली खोल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा ये आरोपी प्राणपुरा निवासी बिजेंद्र व उसके भतीजे मनीष पर गोली चलाने की वारदात में शामिल था।
गोली लगने से बिजेंद्र की मौत हो गई थी और मनीष घायल हो गया था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट व हत्या के आरोप में केस दर्ज कर पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
उल्लेखनीय है कि 23 दिसंबर की रात प्राणपुरा निवासी बिजेंद्र अपने भतीजे मनीष के साथ खेत से घर लौट रहा था। किशनपुरा गांव के निकट आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उक्त आरोपी ने मनीष को पकड़ लिया और गब्बर ने गोली चला दी। गोली लगने से बिजेंद्र व मनीष दोनों घायल हो गए थे। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया था जहां पर चिकित्सकों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया था। मनीष की गंभीर हालात को देखते हुए उसे गुड़गांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।