रेवाड़ी। शहर के सेक्टर चार स्थित भारत फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से 10 मई को दिन में और 2 अगस्त की रात को हथियार के बल पर 11 लाख रुपये लूट करने वाले तीन आरोपियों को सीआईए ने गिरफ्तार किया है। इस कंपनी के दफ्तरों को निशाना बनाने वाला गिरोह नारनौल के साथ करनाल व जींद में भी कंपनी के दफ्तर से अब तक लाखों रुपये लूट चुके हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी जींद निवासी हैं जो कि इस समय भी जींद जेल में बंद थे।
जींद पुलिस ने गत 10 सितंबर को इस लूट गिरोह में शामिल जींद के ओम नगर की गली नंबर पांच निवासी सचिन, पटियाला चौक के जवाहरनगर निवासी निशांत उर्फ विक्की और जींद सदर थाना क्षेत्र के राजपुराभान निवासी सुमित उर्फ मन्नी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी इसी कंपनी के करनाल, जींद के साथ नारनौल के भी दफ्तरों में लूट कर चुके हैं। जांच अधिकारी एएसआई बिरेंद्र सिंह ने बताया कि जींद पुलिस ने उक्त आरोपियों को गिरोह बंदी के मामले में गिरफ्तार किया था। जींद पुलिस द्वारा जब पूछताछ की गई तो आरोपियों ने शहर के सेक्टर-4 में की गई लाखों रुपये लूट की वारदात का खुलासा किया था। उन्होंने उक्त आरोपियों सहित पांच बदमाश 2 अगस्त की रात को हथियारों से लैस होकर कंपनी के सेक्टर-4 स्थित भारत फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट कर 11 लाख 30 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए थे। इससे पहले भी 10 मई को उक्त आरोपियों ने इसी फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से हथियारों के बल पर 16 लाख 50 हजार रुपये लूट की थी।