रेवाड़ी। गांव मसानी में साहबी पुल के समीप शुक्रवार को जमीन में दबाने वाले पाइपों को ट्रक से उतारते समय ट्रक के खलासी सहित तीन युवक पाइपों के नीचे दब गए। इस घटना में खलासी की मौत हो गई जबकि दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मसानी गांव में जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पेयजल सप्लाई के जमीन में दबाए जाने वाले पाइपों का गोदाम बनाया हुआ है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से जमीन में दबाने वाले पाइपों को लाया गया था। दोपहर को पाइपों को ट्रक से उतारा जा रहा था। ट्रक का हुक खोलते समय सारे पाइप नीचे लुढ़क आए। इसमें राजस्थान अजमेर जिले के बिरिछियावास निवासी 44 वर्षीय रामपाल, मुकेश और एक अन्य श्रमिक पाइपों के नीचे दब गए। घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने पाइपों को हटाकर तीनों को बाहर निकाल कर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामपाल को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।