हाईवे पर वेश्यावृत्ति करने वाली चार महिलाएं गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने बुधवार को दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर वाहन चालकों को फंसाकर देह व्यापार करने के आरोप में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये सभी महिलाएं पहले चालक को चंगुल में फंसाती थी तथा उसके बाद उनसे मोटी रकम वसूलती थी। पुलिस ने सभी के खिलाफ देह व्यापार का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। इससे पहले पुलिस रेवाड़ी एवं धारूहेड़ा में स्पा की आड़ में चलने वाले देह व्यापार का भंडाफोड़ कर लड़कियों व आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसपी राजेश दुग्गल को सूचना मिली थी कि दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कुछ महिलाएं ट्रक चालकों व राहगीरों को रोक कर देह व्यापार करती है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धारूहेड़ा थाना प्रभारी जगदेव ने टीम गठित कर कर कार्रवाई शुरू की तथा बोगस ग्राहक बना कर साहबी पुल पर भेजा। बोगस ग्राहक द्वारा पैसे देने पर महिलाएं अनैतिक कार्य के लिए तैयार हो गई। बोगस ग्राहक द्वारा ईशारा मिलते ही एसएचओ की टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर दबिश दी और चार महिलाओं को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिलाओं करीब 3400 रुपये नकदी भी बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपी महिलाओं के खिलाफ देह व्यापार का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।