मामा पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेवाड़ी-सादलुपुर ट्रैक पर 25 मई को मिले महेंद्रगढ़ खातोदड़ा गांव निवासी युवक प्रवीण के शव के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने मामा पर ही हत्या का आरोप लगाया है। मृतक प्रवीण की मां सुनीता ने अपने मामा के लड़के पर हत्या का आरोप लगाकर शिकायत दी है। इसके बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है। हत्या का मामला दर्ज करने के बाद जीआरपी पुलिस की टीम ने दोबारा मौका मुआयना किया है।
बुधवार को मृतक प्रवीण की मां सुनीता गांव के काफी संख्या में लोगों के साथ राजकीय रेलवे पुलिस थाना में पहुंची। यहां पर थाना सुनीता और ग्रामीणों ने थाना रणबीर सिंह मुलाकात की। उन्होंने बताया कि प्रवीण की मौत ट्रेन से गिरने के कारण नहीं अपितु उसकी हत्या कर शव को ट्रैक पर डाला गया है। शिकायत में मां ने बताया कि जिले के जाटूसाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी और रिश्ते में उसका भाई लगने वाले पुष्पेंद्र ने प्रवीण को 25 मई को अपने गांव बुलाया था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने होमगार्ड में नौकरी लगवाने के लिए 1.60 लाख रुपये लिए थे। इसमें से कुछ राशि उसने अपने खाते में जमा करा ली। इसके अलावा नेशनल ओपन की मार्कशीट भी बनवाई है। जो कि उनके पास है। मृतक की मां ने बताया कि रविवार को जब वे शोक जताने गए तो उन्होंने कहा कि किसी को जिक्र मत करना। मेरा नाम आया तो मैं कुछ भी कर सकता हूं। सुनीता ने अपनी शिकायत में भाई पर हत्या का आरोप लगाकर कहा कि उसके बेटे की पैसे के विवाद में हत्या की गई है। इस मौके पर ज्ञापन सौंपने वालों में उम्मेद सिंह, विजयपाल यादव, राजकुमार, रविंद्र सिंह, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, छाजूराम, ओमप्रकाश और कृपा राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण थे। शिकायत मिलने के बाद जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज करके नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।
--------------------
प्रवीण का शव मिलने के बाद बोर्ड के द्वारा पोस्टमार्टम किया गया था, जिसमें मौत की वजह से गिरने से लगी चोटों को बताया था। बुधवार को मृतक की मां तथा साथ आए ग्रामीणों ने पुष्पेंद्र पर रुपये के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज करके नए सिरे से जांच प्रारंभ कर दी गई है।
- रणवीर सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी।
------------