दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर बिना टैक्स दिए चलने वाली तीन बसें जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
परिवहन विभाग ने बगैर टैक्स जमा कराए वाहनों पर एक बार फिर से शिकंजा कस दिया है। वीरवार को एडीसी एवं आरटीएच सचिव प्रदीप दहिया की अगुवाई में दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर टीम ने जांच अभियान चलाकर बगैर टैक्स जमा कराए दौड़ रही तीन निजी बसों को जब्त कर लिया। अधिकारियों द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। विभाग द्वारा इससे पहले भी करीब एक दर्जन बसों को इंपाउंड किया गया है। सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण एवं एडीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि ये बसें दिल्ली से जयपुर के बीच चल रहीं थीं। बसें हरियाणा राज्य का टैक्स अदा नहीं कर रही थीं। नियमानुसार किसी भी दूसरे राज्य में जाने के लिए परमिट और उस राज्य का टैक्स अदा करना होता है। उन्होंने बताया कि टैक्स अदा करने लिए जयसिंहपुर खेड़ा में पोस्ट बनाई हुई है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी बसें जिनके पास परमिट, लाइसेंस व टैक्स भरा हुआ नहीं मिला तो उनकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि छुट्टी वाले दिन भी ऐसी बसों का निरीक्षण किया जाएगा जो बिना परमिट चलती हैं व राज्य का टैक्स अदा नहीं करती हैं। सवारियों से आग्रह किया कि वे ऐसी बसों में बैठने से पहले पूरी तरह से उसकी जांच करके यह सुनिश्चित कर लें कि उसके पास परमिट हो और उसने राज्य का टैक्स भरा हुआ है ताकि उन्हें असुविधा न हो। प्रदीप दहिया ने कहा कि बिना परमिट व बिना टैक्स अदा किए बसों को चलने नहीं दिया जाएगा। गत दिनों धारूहेड़ा में भी राज्य परिवहन के रंग की बस जो कि राजस्थान नंबर बस को पकड़ा गया था।