ट्राला ने स्कूटी को मारी टक्कर, पत्नी की मौत और पति गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ और 71 के टी प्वाइंट के समीप मंगलवार सुबह एक ट्राले ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घायल पति का इलाज चल रहा है। गढ़ी बोलनी पुलिस चौकी के अनुसार गांव पीथनवास निवासी 50 वर्षीय रूड़ाराम अपनी पत्नी 45 वर्षीय उम्मेद देवी के साथ स्कूटी पर सवार होकर संगवाड़ी टी प्वाइंट से पीथनवास की तरफ आ रहे थे। नेशनल हाईवे नंबर-71 और आठ के टी प्वाइंट पर पीछे से आ रहे एक ट्राले ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसमें दोनों पति और पत्नी घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने महिला उम्मेद देवी को मृत घोषित कर दिया। गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।