ठेकेदार करवा रहा था बंधुआ मजदूरी, केस
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। दिल्ली रोड स्थित एक मेटल फैक्ट्री की कैंटीन में बंधुआ मजदूरी करवाने वाले ठेकेदार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाना शहर पुलिस ने सहायक लेबर ऑफिसर हवा सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज का आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में एसडीएम ने जांच की थी। पुलिस के अनुसार असम के जिला सोनितपुर निवासी निरशां ने प्रशासन को शिकायत देकर दिल्ली रोड स्थित एक मेटल फैक्ट्री की कैंटीन के ठेकेदार महेश पर जितेन बैरक को बंधुआ मजदूर बना कर रखने का आरोप लगाया था। इसके बाद एसडीएम कुशल कटारिया ने मामले की जांच की थी। जांच में पाया गया कि महेश बैरक से बंधुआ मजदूर श्रेणी के तहत मजदूरी करवा रहा है। एसडीएम ने लेबर अधिकारी को मामला दर्ज कराने के आदेश दिए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में ठेकेदार को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।