रेवाड़ी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति को उससे दुष्कर्म और ससुर को अपहरण व मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने गत 25 सितंबर को पुलिस को शिकायत देकर पति पर दुष्कर्म, अप्राकृति यौन शोषण और ससुर व देवर के खिलाफ मारपीट व अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने पति व उसके परिवार वालों पर दहेज का मामला दर्ज कराया है। 24 सितंबर उसके पति ने फोन करके फैसला करने के लिए उसे बावल रोड पर बुला लिया। जैसे ही पीड़िता वहां पहुंची तो आरोपी पति ने फोन कर अपने पिता व भाई को भी मौके पर बुला लिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्होंने जबरदस्ती उसे स्कोर्पियो गाड़ी में डालकर एक खाली प्लॉट में ले गए और बंधक बनाकर मारपीट की। आरोपियों ने उसे इस मामले में फैसला नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद महिला के पति ने उसके साथ दुष्कर्म व अप्राकृतिक कृत्य किया। शिकायत मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करने के बाद वीरवार रात को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पति को दुष्कर्म और ससुर को अपहरण व मारपीट में गिरफ्तार किया गया है।