रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर बुधवार दोपहर को आसलवास गांव के समीप ट्रक व कैंटर की भिड़ंत में कैंटर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कसौला पुलिस ने बताया कि महेंद्रगढ़ के गांव मालड़ा सराय निवासी 33 वर्षीय लक्ष्मण कैंटर लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ से बावल से धारूहेड़ा की ओर जा रहा था। आसलवास गांव के समीप कैंटर के आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कैंटर ट्रक में जा घुसा। इस हादसे में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने कैंटर चालक और परिचालक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चालक लक्ष्मण का मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने परिचालक सुनील की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।