घर के बाहर खड़े युवक पर किया फायर, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा।
गांव नंदरामपुर बास में रविवार रात घर के बाहर खड़े एक युवक पर गांव के ही एक युवक ने गोली चलाकर जान लेने का प्रयास किया। गोली युवक को न लगकर दीवार में जा घुसी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा पुलिस भी मौके पर पंहुच गई। जानकारी के अनुसार नंदरामपुरबास निवासी कुलदीप शाम अपने घर के बाहर ख़ड़ा हुआ था। इसी दौरान दिल्ली निवासी गोलू जो नंदरामपुर बास में ही अपने मामा के पास रहता है। उसने रात करीब 10 बजे घर के बाहर खड़े कुलदीप पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। गनीमत यह रही कि गोली कुलदीप की बजाए दीवार में जा घुसी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ के हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी। धारूहेड़ा थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अभी पुलिस यह पता कर रही है कि आखिकर गोलू ने गोली क्यों चलाई। पुलिस इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। पूरा खुलासा पुलिस पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।