रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर शुक्रवार रात को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में मृत दूसरे व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर गांव मालपुरा के समीप ट्रक चालक ने ट्रक को हाईवे की मुख्य लेन में खड़ा किया था। इसी दौरान राजस्थान के अलवर जिला के गांव निंबाहेड़ा निवासी अरसद खान भी अपना ट्रक लेकर अलवर से दिल्ली की ओर जा रहा था। जब वह मालपुरा गांव के पहुंचा उसने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इस घटना में अरशद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फंसे ट्रक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं दूसरी घटना में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खिजूरी गांव के समीप शुक्रवार रात को करीब दस बजे ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हाईवे पर स्थित गांव खिजूरी के समीप एक व्यक्ति रोड के किनारे चल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला जिसके कारण उसके शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।