गाड़ी की टक्कर से कंपनी कर्मचारी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। महेंद्रगढ़ रोड स्थित गांव सहारनवास के राजकीय औद्योगिक संस्थान के समीप वाहन की टक्कर से बाइक सवार कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ के गांव खेड़ी तलवाना निवासी सुनील कुमार एक कंपनी में कार्यरत था। रविवार की रात को बाइक पर रेवाड़ी से महेंद्रगढ़ की ओर जा रहा था। महेंद्रगढ़ रोड पर गांव सहारनवास के संस्थान के पास एक गाड़ी ने सुनील को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।