नशा बेचने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिला पुलिस ने नशा बेचने वालों पर शिकंजा कसते हुए शुक्रवार रात को गांजा बेचने के आरोप में दो लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से गांजा पत्ती बरामद करने के बाद उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि आदर्श नगर कुतुबपुर में एक युवक गांजा बेच रहा है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया, जिसकी पहचान रोहडाई निवासी अजय के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 115 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस क्रम में खोल थाना पुलिस ने गांव भटेडा के नजदीक गांजा ले जाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान गुलाबपुरा निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपी के पास से 235 ग्राम गांजा बरामद किया है। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि पकड़ा गया माल देहलावास निवासी तुलाराम उर्फ कालू का है। तुलाराम ने उसे यह गांजा सही जगह पहुंचाने के लिए 2500 रुपये प्रति माह देता है। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के साथ तुलाराम के खिलाफ भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।