चोरी की बाइक सहित युवक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने बुधवार रात को चोरी की बाइक सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ जिला के गांव बूढवाल निवासी रोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 9 अप्रैल को खलीलपुर निवासी जयभगवान अपनी बाइक लेकर किसी काम से शहर में आया था। उसने अपनी बाइक को बीएमजी मॉल के सामने सेक्टर-5 में खड़ी कर अंदर चला गया। वह मॉल से जब वापिस आया तो बाइक गायब मिली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। बुधवार रात आरोपी चोरी की बाइक के साथ शहर में घूम रहा था। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान वह कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।