निजी स्कूल बस ने ढाई साल के मासूम को कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले के गांव जीवड़ा में सोमवार को घर के बाहर खेल रहे एक ढाई साल के मासूम की निजी स्कूल की बस ने कुचल दिया। इसके बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार गांव जीवड़ा में करीब ढाई वर्षीय मासूम दिशू अपने ताऊ के साथ सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां से तेज रफ्तार से गुजर रही एक निजी स्कूल बस ने बच्चे को कुचल दिया। वहीं चालक मौके से फरार हो गया। इस दौरान परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना रोहड़ाई पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
---
स्कूल बस के नीचे आने से पहले भी हो चुकी है मौत
जिले में इससे पहले भी निजी स्कूल बस चालक की लापरवाही के चलते एक घर का चिराग बुझ चुका है। कुछ महीनों पहले ही स्कूल बस से उतरते समय बावल क्षेत्र के गांव सुलखा में बस के टायर के नीचे आने से एक मासूम की मौत हो गई थी। बावजूद इसके निजी स्कूल संचालकों ने कोई सबक नहीं लिया। एक बार फिर से जल्दी के चक्कर में एक चालक की लापरवाही एक मासूम को लील गई।
---
शहर में भी बेलगाम दौड़ती है निजी स्कूल की बसें
जिले में करीब 400 निजी स्कूल हैं। अधिकतर स्कूलों ने अपनी बसें रखी हुई हैं। स्कूल संचालक चालकों को बिना किसी छानबीन के रख लेते हैं। अधिकतर चालकों के पास वैध लाइसेंस तक नहीं होता है। पुलिस की जांच के दौरान भी ये तथ्य सामने आ चुके हैं। ये चालक सुबह के समय बच्चों को स्कूल पहुंचाने में बसों को बेलगाम दौड़ाते हैं। ऐसे में हादसा होने का खतरा बना रहता है।
---
बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
- सुरेश कुमार, एएसआई, जांच अधिकारी।