रेवाड़ी। शहर के भाड़ावास रोड स्थित हरीनगर टी प्वाइंट के समीप शनिवार देर शाम को बाइक सवार बदमाश एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। भाड़ावास रोड स्थित मयूर विहार कॉलोनी निवासी शकुंतला देवी पत्नी रमेश चंद शनिवार शाम को करीब साढ़े सात बजे दूध लेकर अपने घर की तरफ आ रही थी। जब वे हरीनगर टी प्वाइंट के समीप पहुंची तो एक बाइक पर हेलमेट लगाकर आए दो बदमाशों ने उनको रास्ता पूछने के लिए रोका। नजदीक पहुंचने के बाद बदमाश उनके गले में झपट्टा मारकर चेन तोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी भी कराई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।