अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रंट कॉरिडोर का ट्रैक बिछाने का कार्य कर रही एलएंडटी कंपनी के कार्यालय में घुस कर तोड़फोड़ व कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के मामले में रामपुरा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव मांढैया निवासी रामबीर, होशियार तथा साधूशाह नगर निवासी योगेश के रूप में हुई है। एएसआई महीपाल सिंह ने बताया कि एलएंडटी कंपनी का गांव ठोठवाल के निकट कार्यालय बन है। कंपनी ने कृष्ण कुमार ठेकेदार को मिट्टी डालने का ठेका दिया था। ठेकेदार की पेमेंट बकाया थी, जिसे लेने के लिए वह कर्मचारियों व अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। सात फरवरी को कई युवक ठोठवाल के नजदीक स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे तथा वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की व तोड़फोड़ शुरू कर दी थी। आरोपियों ने कार्यालय में लगे कंप्यूटर भी तोड़ दिए थे। तोड़फोड़ करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। रामपुरा थाना पुलिस ने कंपनी कर्मचारी आंध्र प्रदेश के तालातेऊ निवासी लोवा बाबू की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार शाम को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।