रेवाड़ी। एटीएम में पैसे निकालने के दौरान अनजान व्यक्ति द्वारा सहायता लेना एक महिला को भारी पड़ गया। शातिर बदमाशों ने पैसे निकालने का बहाना बनाकर उसका कार्ड बदल लिया और 3800 रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुुसार खोल थाना क्षेत्र के गांव डहीना निवासी मनीषा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एटीएम बूथ पर पैसे निकालने के लिए गई थी। इस दौरान बूथ से पैसे नहीं निकल पाए। इसी बीच साथ खड़े शातिर दिमाग बदमाश ने सहायता की बात कही और उसका पासवर्ड पूछकर बातों ही बातों में उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद शातिर ठग ने 3800 रुपये की नकदी साफ कर दी। नकदी साफ होने का मैसेज आते ही उसने तुरंत बैंक में संपर्क किया तो धोखाधड़ी का पता चल गया। महिला की शिकायत पर खोल थाना पुलिस ने बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।