अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर से सटे गांव रामपुरा में सीवर लाइन डालने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान शनिवार को मानव खोपड़ी मिलने से श्रमिकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची रामपुुरा पुलिस ने खोपड़ी को कब्जे में लेकर जांच के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल यहां जांच के बाद ही तय हो पाएगा कि यह खोपड़ी कितनी पुरानी है। जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ.बनवारीलाल के आदर्श विधायक गांव के तौर पर नामित रामपुरा में सीवर लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। शनिवार को श्रमिकों द्वारा कनेक्शन लाइन डालने के दौरान जब गहरी खुदाई की गई एक मानव खोपड़ी मिली। जिससे श्रमिकों एवं आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पंहुच गई। पुलिस ने कंकाल की खोपड़ी को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवा दिया तथा मामले की जांच श्ुुरू कर दी है।