गुरुग्राम पुलिस से मारपीट करने का आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
गांव घुड़कावास में गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने आई गुरुग्राम पुलिस टीम के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान घुड़कावास निवासी छतरपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस की हेलीमंडी के चौकी प्रभारी एसआई तेजपाल सिंह टीम के साथ पिछले महीने छतरपाल पर दर्ज मामले में उसे गिरफ्तार करने आए थे। आरोपी पर वहां गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म कर धमकी देने का नामजद मामला दर्ज था। पुलिस टीम ने उक्त आरोपी को मौके पर ही काबू लिया था, लेकिन आरोपी ने शोर मचाकर अपने परिवार के अन्य सदस्यों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और पुलिस कर्मियों की जेब से नकदी छीन ली। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए थे। एसआई तेजपाल की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की थी। बुधवार रात को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।