शार्ट सर्किट की चिंगारी किसान की एक एकड़ फसल राख
अमर उजाला ब्यूरो
खोल।
क्षेत्र के गांव बुड़ौली में शार्ट सर्किट के चलते किसान की एक एकड़ फसल जलकर राख हो गई। किसान ने बटाई पर फसल बो रखी थी ताकि परिवार का पालन पोषण कर सके। किसान ने जिल प्रशासन से फसल के उचित मुआवजा की मांग की है।
पीड़ित किसान जगप्रवेश पुत्र रामकुमार ने बताया कि बुड़ौली पॉवर हाउस के नजदीक उसने एक एकड़ जमीन बटाई पर ले रखी थी। इसमें उसकी गेहूं की फसल थी। बुधवार की दोपहर का वह गेहूं की फसल की कटाई कर रहा था। इसी दौरान बिजली की तारों में तेज झटका लगा और चिंगारी खेत में गिरने से पूरे खेत में देखते ही देखते आग फैल गई। किसानों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसान ने बताया कि उसके खेत से बुड़ौली पावर हाउस से बिजली की पांच लाइनें जा रही हैं, जिससे हमेशा खतरा बना रहता है और बुधवार को हादसा हो गया। किसान जगप्रवेश ने बताया कि शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने उसकी पूरे साल की मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान से जिला प्रशासन से उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।