रेवाड़ी। खोल थाना क्षेत्र के गांव जैनाबाद में शुक्रवार को हुई फायरिंग में एक युवक की मौत के मामले की जांच एसआईटी को सौंप दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार भतीजे को बचाने के लिए की फायरिंग में डहीना निवासी युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया था। शनिवार को हत्या के आरोपियों के पक्ष में जैनाबाद गांव के करीब तीन सौ से अधिक ग्रामीण एसपी के निवास स्थान पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मृतक पक्ष के लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की। शिकायत में ग्रामीणों ने कहा कि खोल पुलिस इस मामले में एकतरफा कार्रवाई कर रही है। इसकी अन्य एजेंसी से जांच कराई जाए।
डीएसपी की अगुवाई वाली एसआईटी करेगी जांच
ग्रामीणों की इस मांग के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। जैनाबाद और डहीना में कालेज के आसपास पुलिस बल तैनात करने का भी आश्वासन दिया है। शनिवार को जैसे ही ग्रामीणों को इस बात की खबर लगी कि इस मामले में राकेश कुमार की शिकायत पर कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी के आवास पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक को ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले में केवल राकेश कुमार के पक्ष को पूरी तरह कसूरवार नहीं माना जाए क्योंकि डहीना के मृतक युवक के साथ करीब दस लड़के हैं। वे सभी पूरी तरह से हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मृतक पक्ष की तरफ से पहले फोन पर सरेआम धमकियां दी गई थीं। उसके बाद घर में घुसकर मारा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मृतक पक्ष में शामिल युवकों ने परिवार की महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर अभद्रता और अश्लील हरकतें की। बलवान उस समय गोली नहीं चलाता तो राकेश और उसके परिवार के सदस्यों की जान सकती थी। इस कारण बलवान के लिए गोली चलाना जरूरी हो गया था।
ग्रामीणों ने मांगी सुरक्षा
जैनाबाद के ग्रामीणों ने बताया कि डहीना और उनके गांव के बीच पहले भी नामकरण और अन्य प्रकरणों को लेकर विवाद हो चुका है। इस वजह से दोनों गांवों में तनाव बढ़ा है। इसके मद्देनजर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो इसके लिए सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। इस पर पुलिस अधीक्षक ने गांव में पुलिस की तैनाती का आश्वासन दिया।
यह है घटनाक्रम
31 अगस्त को स्टेशन पर पार्किंग का कार्य करने डहीना के कुछ युवकों ने दूसरे जिलों से आने वाले युवकों के साथ मारपीट की। इस पर छात्रों ने जैनाबाद निवासी अजनबी को इस बात से अवगत कराया। इस बात को लेकर मारपीट करने वाले युवकों और अजनबी में झगड़ा हो गया। उस समय अजनबी के भाई राकेश कुमार ने किसी तरह मामले को शांत करा दिया था। शुक्रवार को युवकों ने राकेश को रास्ते में रोककर मारपीट की। इसके बाद राकेश घर आया तो युवक घर ही पहुंच गए और उससे मारपीट करने लगे। इसी दौरान उस पर पेचकश से हमला करने लगे तो उसके चाचा बलवान सिंह ने हवा में फायर कर दिया। फायर के बाद भी मारपीट करने वाले युवकों पर कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद बलवान सिंह ने गोली चला दी। इसमें डहीना निवासी नवीन और आतिश को गोली लग गई। इसमें नवीन की मौत हो गई जबकि घायल आतिश का अभी उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों की मांग पर एसआईटी का गठन कर दिया गया है। निष्पक्ष जांच की जाएगी। फिलहाल एहतियात के तौर पर जैनाबाद गांव के साथ ही डहीना कालेज के आसपास अतिरिक्त पुलिस को तैनात कर दिया गया है। - राजेश दुग्गल, पुलिस अधीक्षक
गोली लगने से हुई युवक की मौत में आरोपी राकेश गिरफ्तार
रेवाड़ी। गांव जैनाबाद में शुक्रवार को हुए झगड़े में एक युवक की गोली मार कर की गई हत्या के मामले में खोल थाना पुलिस ने गांव जैनाबाद निवासी राकेश उर्फ राकू को गिरफ्तार कर लिया है। झगड़े के दौरान गोली लगने से गांव डहीना निवासी एक युवक घायल भी हो गया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव जैनाबाद में शुक्रवार को गांव डहीना निवासी युवकों का जैनाबाद निवासी एक युवक के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान राकेश के चाचा बलवान ने अपनी पिस्तौल से गोली चला दी थी। गोली लगने से गांव डहीना निवासी नवीन की मौत हो गई थी। आतिश घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। पुलिस ने इस मामले में आतिश की शिकायत पर गांव जैनाबाद निवासी बलवान, राकेश उर्फ राकू के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार रात को वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के परिजनों ने कहा षड्यंत्र के तहत की गई हत्या
रेवाड़ी। जैनाबाद मामले में गांव डहीना के युवक नवीन की मौत के मामले में मृतक के परिजनों ने इसे साजिशन हत्या करार दिया है। परिजनों ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने केवल राकेश को ही गिरफ्तार किया है। शेष दो आरोपियों को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाए। वहीं परिजनों ने सोशल मीडिया पर उड़ाई गई आत्मरक्षा में गोली चलाने की बात को भी गलत ठहराया है। गांव डहीना के राजेंद्र सिंह, जितेंद्र यादव, महेश यादव, सतबीर यादव ने जारी बयान में कहा है कि नवीन, आतिश और निशु किसी काम से गांव मंदौला की तरफ जा रहे थे। रास्ते में गांव जैनाबाद में 15-20 युवकों ने घेरकर उन पर हमला कर दिया। तीनों अपनी जान बचाकर भाग रहे थे कि गांव की महिलाओं ने उनका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान वहीं 15-20 लोग आ गए। उन पर गोली चला दी। एक गोली नवीन की पीठ और दूसरी उसके सिर में लगी, जिससे वह वहीं गिर गया था। आतिश के पेट से रगड़कर गोली निकल गई और वे जान बचाकर आ गए थे। उनका आरोप है कि तीनों युवकों पर वार सुनियोजित तरीके से किया गया था। दो-तीन दिन पहले भी रेलवे स्टेशन की पार्किंग में नवीन व आतिश की तलाशछ कर रहे थे। आरोप है कि सोशल मीडिया पर गलत प्रचार किया जा रहा है कि आरोपियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई है।