ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर बुधवार दोपहर को सरकारी टूरिस्ट कांपलेक्स जंगल बबलर के निकट एक ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने गंभीर हालत में अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार हिसार की शिव कालोनी निवासी संजय कुमार और मेवात जिले के फलंडी निवासी मुस्ताकीन धारूहेड़ा स्थित बीएस मोटर्स कंपनी में कार्य करते थे। बुधवार दोपहर को दोनों एक बाइक पर सवार होकर कंपनी से बैट्री लेकर धारूहेड़ा थाना के समीप स्थित एक दुकान पर आ रहे थे। जब दोनों सरकारी टूरिस्ट कांप्लेक्स जंगल बबलर के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। आमने-सामने की इस टक्कर में संजय और मुस्ताकीन दोनों गिर गए। इस हादसे में संजय की कुछ समय बाद मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुस्ताकीन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची धारूहेड़ा थाना पुलिस आसपास के लोगों के सहयोग से उनको ट्रामा सेंटर लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा रोड को सुचारु कराया गया। हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहनों को व्यवस्थित कराया।
तीन माह पहले ही आया था नौकरी करने
हिसार निवासी मृतक संजय कुमार की उम्र लगभग 30 साल है। धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में तीन माह पहले ही नौकरी की तलाश में आया था। इसके बाद उसने बीएस मोटर्स में नौकरी करनी प्रारंभ की थी। संजय का परिवार हिसार में रहता है। इसी तरह मेवात के फलंडी निवासी मुस्ताकीन भी लगभग दो माह पहले ही नौकरी पर आया था। वह अभी अविवाहित था। घटना की जानकारी मिलते ही हिसार से संजय के परिवार और मेवात से मुस्ताकीन के परिवार के सदस्य पहुंच गए। दोनों के परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।